हरिद्वार, रानीपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखण्ड द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर, सेक्टर-2 रानीपुर में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) विद्यार्थी–2026 में मंगलवार को सेवा प्रदर्शनी का उद्घाटन क्षेत्र शारीरिक शिक्षण प्रमुख नरेश कुमार विकल ने किया। 28 मई से 13 जून तक चल रहे इस वर्ग में प्रदेश के सभी 13 जनपदों से चयनित 304 विद्यार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
प्रदर्शनी में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्राम विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वावलंबन, सामाजिक समरसता एवं आपदा राहत से जुड़े विभिन्न सेवा प्रकल्पों को प्रदर्शित किया गया। साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में संचालित कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर नरेश कुमार विकल ने कहा कि सेवा कार्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का सशक्त माध्यम हैं तथा इससे समाज में आत्मीयता, समरसता और आत्मविश्वास का वातावरण बनता है। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को सेवा कार्यों की व्यापकता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से परिचित कराना है।
प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान शिक्षार्थियों ने विभिन्न सेवा गतिविधियों के प्रति उत्साह और जिज्ञासा दिखाई तथा समाज जीवन में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वर्ग पालक सुनील, वर्ग कार्यवाह रमेश, सर्वाधिकारी प्रवीण, विभाग प्रचारक राकेश, मुख्य शिक्षक सत्येन्द्र, वर्ग बौद्धिक प्रमुख अब्बल सिंह तोपाल, विभाग सेवा प्रमुख बंसी सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक एवं शिक्षार्थी उपस्थित रहे।




