ऋषिकेश। चारधाम यात्रा 2026 के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ऋषिकेश स्थित पंजीकरण केंद्रों पर उमड़ रही है। रविवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में यात्री ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कतारों में खड़े नजर आए। बढ़ती भीड़ के चलते कई स्थानों पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन द्वारा यात्रा को सुचारू बनाने के लिए ऋषिकेश और हरिद्वार सहित विभिन्न स्थानों पर पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार यात्रा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।
बताया जा रहा है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं। वहीं, यात्रियों से अपील की गई है कि वे समय से पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराकर यात्रा पर निकलें, ताकि अनावश्यक भीड़ और परेशानी से बचा जा सके।
प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है। हाल के दिनों में भारी भीड़ और मौसम की चुनौतियों को देखते हुए यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।




