सुंदरकांड पाठ के साथ भागीरथ महोत्सव मेला 2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। शुभारंभ अवसर पर बैलून उड़ाकर खुशहाली, सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश दिया गया। इस दौरान यूनियन, फेडरेशन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिक, समिति के संरक्षक सुकरम पाल सहित टीम भागीरथ के सदस्य मौजूद रहे।
समिति के अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि मेले में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा, मां की चौकी, गरबा डांस और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा आकर्षक झूले, जलपरी, भूत बंगला और मारुति सर्कस भी मेले में लोगों को मनोरंजन प्रदान करेंगे। मेले में खान-पान के स्टॉल के साथ क्रॉकरी, फर्नीचर, कपड़े और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें भी लगाई गई हैं।
समिति के सचिव परमाल सिंह ने बताया कि मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा गार्ड और बाउंसर तैनात किए गए हैं, जबकि पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। उपाध्यक्ष तरुण शुक्ल ने बताया कि टीम भागीरथ के सदस्य मेले के विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे, ताकि आगंतुकों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
सांस्कृतिक आयोजन के संयोजक संतोष साहू ने बताया कि हरिद्वार के विभिन्न स्कूलों और सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, कोषाध्यक्ष प्रवीण बरदिया ने बताया कि गरबा डांस के लिए रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। प्रतिभागियों को निर्धारित शुल्क देना होगा और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर लकी ड्रा भी निकाला जाएगा।
समिति पदाधिकारियों ने शहरवासियों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन का आनंद लेने तथा सामाजिक एकता, समरसता एवं सद्भाव के संदेश को मजबूत करने की अपील की




