प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी के प्रेम संबंध की जानकारी होने के बाद युवक ने दोनों को जान से मारने और संबंधों की जानकारी सार्वजनिक करने की धमकी दी थी। इसके बाद दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 38 वर्षीय मदन मुखिया निवासी बोनगांव, सहरसा (बिहार) के रूप में हुई है। वह मांडूवाला, झाझरा में पत्नी और बच्चों के साथ रहकर मजदूरी करता था। तीन अक्तूबर को डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में खाई में उसका शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान पुलिस ने मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से ललन शर्मा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने मदन की पत्नी मीना के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मीना को भी गिरफ्तार कर लिया। ललन की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू घटनास्थल के पास झाड़ियों से बरामद किया गया।
दो-तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस के अनुसार, ललन मजदूरी करता था और मदन का पड़ोसी था। पिछले दो-तीन साल से उसके और मीना के बीच प्रेम संबंध थे। घटना से दो दिन पहले मदन ने ललन का मोबाइल फोन चेक किया, जिसमें उसे मीना के साथ फोटो और वीडियो मिले। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद ललन और मीना ने हत्या की योजना बनाई। ललन शराब पिलाने के बहाने मदन को डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में ले गया। वहां दोनों ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी और शव को खाई में फेंक दिया। इसके बाद हत्या में इस्तेमाल चाकू झाड़ियों में छिपा दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




