बहादराबाद स्थित केयर कॉलेज ऑफ नर्सिंग में सामाजिक संस्था ‘एक जरा सी कोशिश’ के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर नर्सिंग छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशे से बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मदन कौशिक ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। नर्सिंग के विद्यार्थी स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र के भावी प्रहरी हैं, इसलिए नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस अभियान को जनआंदोलन बनाने में युवाओं व सामाजिक संस्थाओं की भूमिका अहम है।
‘एक जरा सी कोशिश’ की डायरेक्टर राखी सजवान ने छात्र-छात्राओं को नशे की लत से बचने, मानसिक तनाव का प्रबंधन करने और सामाजिक दबाव से निपटने के व्यावहारिक उपाय बताए। वक्ताओं ने नशे के स्वास्थ्य, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डाला। इस दौरान छात्र-छात्राओं को स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में डॉ. हेमंत आर्य, राखी सजवान, पार्थ भारद्वाज, प्रीतशिखा शर्मा, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष अमित शर्मा सहित कॉलेज प्रबंधन, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




