उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए भाजपा में प्रत्याशी चयन को लेकर हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को होने वाली प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक में संभावित दावेदारों के नामों पर मंथन के बाद तीन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की संभावना है। अंतिम निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
प्रत्याशी चयन में इस बार गढ़वाल और कुमाऊं के क्षेत्रीय संतुलन को भी एक प्रमुख पहलू माना जा रहा है। वर्तमान में उत्तराखंड से राज्यसभा के तीनों सदस्य महेंद्र भट्ट, डॉ. कल्पना सैनी और नरेश बंसल गढ़वाल क्षेत्र से हैं। कुमाऊं से अंतिम बार भगत सिंह कोश्यारी राज्यसभा पहुंचे थे, जिनका कार्यकाल 2008 से 2014 तक रहा था।
भाजपा के भीतर पूर्व मंत्री और ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का नाम भी चर्चा में है। बृहस्पतिवार को उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी। पार्टी के भीतर उनके नाम पर चर्चा की एक वजह वैश्य समाज को प्रतिनिधित्व देने की संभावित कवायद भी बताई जा रही है। हालांकि अभी किसी नाम पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
उत्तराखंड की राज्यसभा सीट पर चुनाव 16 अक्तूबर को होना है। मौजूदा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी और छह अक्तूबर अंतिम तिथि निर्धारित है।
कोर कमेटी की बैठक में तैयार होने वाले तीन नामों के पैनल को केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा जाएगा। इसके बाद केंद्रीय संसदीय बोर्ड प्रत्याशी के नाम पर अंतिम फैसला करेगा।




