उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन और आवाजाही प्रभावित होने लगी है। राजधानी देहरादून में कई क्षेत्रों में बारिश हुई, जबकि हरिद्वार में बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। भगत सिंह चौक और रेलवे अंडरपास में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और यातायात भी प्रभावित हुआ।
उधर, चमोली जिले में लगातार बारिश का असर हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी जाने वाले पैदल मार्ग पर भी पड़ा है। पुलना गांव के पास पैदल मार्ग कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया है और जगह-जगह मलबा आने से श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मार्ग क्षतिग्रस्त होने के बावजूद श्रद्धालु जोखिम उठाकर आवाजाही कर रहे हैं। मार्ग की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को इसे जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि पुलना गांव के पास हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है और मार्ग को शीघ्र ठीक कराया जाएगा।




