रूड़की रोड स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में सहारनपुर जोन का जोनल स्तरीय निरंकारी इंग्लिश मीडियम समागम आयोजित किया गया। समागम में सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर जनपदों की करीब 40 शाखाओं से जुड़े सैकड़ों बच्चों, बहनों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
समागम को संबोधित करते हुए दिल्ली से पहुंचीं बहन श्वेताकपूर ने कहा कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की प्रेरणा से देशभर में इंग्लिश मीडियम समागम आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से अंग्रेजी भाषा के जरिए सत्य और आध्यात्मिक संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सत्संग के दौरान मन को शांति और सुकून मिलता है, लेकिन दैनिक जीवन की व्यस्तताओं के बीच तनाव और चिंता हावी हो जाती है। यह शांति तभी स्थायी रह सकती है, जब व्यक्ति का संबंध सर्वशक्तिमान परमात्मा से बना रहे। उन्होंने युवाओं से इंग्लिश मीडियम सत्संग से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे अंग्रेजी भाषा के प्रति झिझक दूर होगी और संदेश को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मानव जीवन बड़े सौभाग्य से प्राप्त होता है। परमात्मा का बोध होने के बाद व्यक्ति के व्यवहार और वाणी में सकारात्मक बदलाव आता है तथा जीवन में नम्रता का भाव विकसित होता है। सत्संग के माध्यम से जीवन में भक्तों के गुणों का समावेश होता है।
समागम में सतगुरु माता जी के संदेश को स्किट, समूह गीत, कविताओं और विचारों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। सहारनपुर जोन के जोनल इंचार्ज कुलभूषण चौधरी और संयोजक हरीश कुमार ने संगत का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की सफलता में निरंकारी सेवादल के सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।




