बसंत विहार थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार युवक ने रास्ता पूछने के बहाने 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को रोककर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया। वारदात के दौरान धक्का लगने से महिला सड़क पर गिर गईं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार बसंत विहार फेज-2 निवासी राजरानी मित्तल 14 अगस्त की शाम करीब 4:45 बजे रोजाना की तरह घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार युवक उनके पास पहुंचा और किसी व्यक्ति का पता पूछने लगा। बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक महिला के गले से सोने की चेन झपटी और उन्हें धक्का देकर मौके से फरार हो गया। धक्का लगने से महिला का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर गिर गईं।
घटना की सूचना महिला के बेटे विकास मित्तल ने पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर बसंत विहार थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।




