मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने शुक्रवार को विकास भवन परिसर स्थित शौचालयों का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शौचालयों में नियमित सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति जांची।
सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि विकास भवन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आमजन पहुंचते हैं, ऐसे में परिसर में स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई और मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा गंदगी, दुर्गंध और अव्यवस्था नहीं होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने उच्च न्यायालय की स्वच्छता संबंधी गाइडलाइन का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। निरीक्षण में कमी मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और प्रभावी निगरानी के निर्देश भी दिए।




