दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल अग्निकांड मामले में गिरफ्तार उत्तराखंड निवासी रसोइये केशव नेगी के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत सामने आए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को बिना पर्याप्त तथ्यों के दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केशव नेगी लंबे समय से होटल में कार्यरत थे और उनके परिवार तथा स्थानीय लोगों के अनुसार उनका आचरण सदैव अच्छा रहा है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले उन्हें दोषी मान लेना उचित नहीं होगा। उन्होंने संबंधित एजेंसियों से मामले की सभी पहलुओं से निष्पक्ष जांच करने का आग्रह किया।
गौरतलब है कि दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में हुए भीषण होटल अग्निकांड में कई लोगों की जान गई थी। मामले की जांच के दौरान होटल मालिक और रसोइये केशव नेगी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
इस बीच उत्तराखंड में भी केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर चर्चा तेज है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दिल्ली सरकार से बातचीत कर निष्पक्ष और तथ्यों पर आधारित जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।




