उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

विश्व पर्यावरण दिवस पर मुरादाबाद मंडल में पौधारोपण, रैली और जागरूकता कार्यक्रम

मुरादाबाद, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में प्रमुख रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों और रेल परिसरों में पौधारोपण, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक और स्वच्छता अभियान चलाए गए।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में श्रीमती विनीता श्रीवास्तव सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने का आह्वान किया गया।

बाल विद्या मंदिर में बच्चों ने हस्तनिर्मित गमलों में पौधारोपण किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पुरस्कृत भी किया।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर 20 प्लास्टिक बोतल क्रेशर मशीनों का उद्घाटन किया गया। इन मशीनों के माध्यम से प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यात्रियों को कपड़े के हैंडबैग निःशुल्क वितरित कर सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने का संदेश दिया गया।

उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा स्टेशन परिसर में पर्यावरण संरक्षण विषयक नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया, जो रेलवे स्टेशन और विभिन्न रेलवे कॉलोनियों से होकर स्काउट्स हट्स पर संपन्न हुई।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि मुरादाबाद मंडल पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button