उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश, चित्रकला प्रतियोगिता में स्वर्णिका, आविका और इशिता अव्वल

हरिद्वार, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया द्वारा आर्य समाज बीएचईएल के स्वामी दयानंद सरस्वती सभागार में आयोजित समारोह में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन धरती को आग का गोला बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण असंतुलन के कारण ग्लेशियर पिघल रहे हैं, जैव विविधता प्रभावित हो रही है और प्राकृतिक संसाधनों पर संकट गहराता जा रहा है।

भारतीय वृक्ष न्यास (ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया) के अध्यक्ष एवं ग्रीन मैन ऑफ इंडिया डॉ. विजयपाल बघेल ने कहा कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पेड़ ही ऑक्सीजन बनाने के वास्तविक कारखाने हैं और प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पेड़ लगाने तथा एक पेड़ बचाने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम में महापौर किरण जैसल और विधायक आदेश चौहान ने भी पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर दिया। समारोह का शुभारंभ पौधारोपण एवं 11 कुंडीय पर्यावरण यज्ञ के साथ किया गया।

इस अवसर पर आयोजित मेगा चित्रकला प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में स्वर्णिका सैनी, सीनियर वर्ग में आविका आर्या तथा मिश्रित वर्ग में इशिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर क्रमशः अणुव्रत आर्या, प्रज्ञान और परी, जबकि तृतीय स्थान पर आशिमा आर्या, ऋचा आर्या और वेदिका रहीं। प्रतियोगिता में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से आए प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण विषय पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान हाल ही में पद्म भूषण से सम्मानित भगत सिंह कोश्यारी का सामाजिक संगठनों द्वारा नागरिक अभिनंदन भी किया गया। समारोह में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button