उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। निगम के मानव संसाधन विभाग की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि अब किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के प्रतिनियुक्ति संबंधी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
यूपीसीएल प्रबंधन का कहना है कि निगम के कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने तथा विभिन्न इकाइयों में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और अगले निर्देश जारी होने तक प्रभावी रहेगा।
इस फैसले के बाद प्रतिनियुक्ति पर जाने की तैयारी कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को फिलहाल इंतजार करना होगा। ऊर्जा निगम के भीतर इस आदेश को प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि यूपीसीएल ने 2 जून 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन संख्या 2295 के माध्यम से कर्मचारियों के प्रतिनियुक्ति आवेदन प्रतिबंधित करने संबंधी निर्देश जारी किए हैं।




