प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को हीटवेव से निपटने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, ओआरएस, आईवी फ्लूड, आइस पैक तथा कूलिंग उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा है कि हीट स्ट्रोक और गर्मी से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष तैयारी रखी जाए। साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों में पेयजल और कूलिंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। गर्मी से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए अस्पतालों में विशेष प्रबंधन करने को कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की सहित मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। अगले दो दिनों तक हीटवेव की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बाहर काम करने वाले श्रमिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। नागरिकों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की अपील की गई है।




