ऋषिकेश। योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास सोमवार देर रात उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन को शंटिंग के दौरान रेलवे यार्ड की ओर ले जाया जा रहा था। राहत की बात यह रही कि ट्रेन खाली थी और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार रात करीब 9:40 बजे खांड गांव क्षेत्र के पास ट्रेन के डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बहाली कार्य शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त कोचों को हटाने के लिए क्रेन और भारी मशीनों की मदद ली गई।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक शंटिंग लाइन के अंतिम छोर पर लगे बफर से इंजन के टकराने के कारण दबाव बढ़ा, जिससे कोच पटरी से उतर गए। घटना में तीन डिब्बे क्षतिग्रस्त हुए हैं। हालांकि रेल संचालन पर ज्यादा असर नहीं पड़ा और अन्य ट्रेनों का संचालन सामान्य रखा गया।
रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। इस हादसे के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और शंटिंग प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।




