मुरादाबाद, 18 मई। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत सोमवार को मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर मंडल अधिकारियों, स्टेशन स्टाफ तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टीम ने यात्रियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
अभियान के तहत स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय, विश्रामालय, सर्कुलेटिंग एरिया तथा ट्रेनों में यात्रियों और कर्मचारियों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने यात्रियों से प्लास्टिक का कम उपयोग करने और रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने की अपील की।
इस अवसर पर मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-1 पर आर.के. फूड प्रोडक्ट्स द्वारा संचालित नए भोजनालय (रिफ्रेशमेंट रूम) का उद्घाटन भी किया गया। मंडल वाणिज्य प्रबंधक (एफएस) विपिन शर्मा ने फीता काटकर भोजनालय का शुभारंभ किया। उनके साथ मंडल वाणिज्य प्रबंधक पी.एस. बघेल, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित शर्मा एवं एच.एस. मीना भी मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने भोजनालय का निरीक्षण कर स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की। इस दौरान अधिकारियों ने संचालक को निर्देश दिए कि यात्रियों को स्वच्छ एवं उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए।




