उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

डेंगू रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को दिए सख्त निर्देश

हरिद्वार, 16 मई। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन ने डेंगू की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर कमर कस ली है। जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को मानसून से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी बरसात को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जनपद में डेंगू का प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत, पंचायतीराज, शिक्षा और बाल विकास विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। इसके लिए समय रहते जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और नालियों की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा स्वच्छता अभियान चलाकर डेंगू के लार्वा को पनपने से रोका जाए।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिला मलेरिया अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में डेंगू से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं होनी चाहिए। इसके लिए डेंगू जांच की पर्याप्त व्यवस्था, मरीजों के लिए अलग वार्ड, ब्लड बैंक में प्लेटलेट्स की उपलब्धता और आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए।

विद्यालयों के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अभिभावकों को प्रेरित किया जाए कि बच्चों को पूर्ण आस्तीन के कपड़े पहनाकर स्कूल भेजें। साथ ही छात्र-छात्राओं को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए।

जिलाधिकारी ने आमजन से भी अपील की कि सप्ताह में कम से कम एक घंटा अपने घर और आसपास की साफ-सफाई के लिए अवश्य दें तथा कहीं भी पानी जमा न होने दें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, जिला मलेरिया अधिकारी चंद्रमोहन कंसवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button