नई टिहरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस माह के अंत या जून के पहले सप्ताह में टिहरी दौरे पर आ सकते हैं। प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और टीएचडीसी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। टिहरी झील किनारे कोटीकॉलोनी में प्रधानमंत्री की बड़ी जनसभा आयोजित करने की तैयारी चल रही है।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी टिहरी बांध की 1000 मेगावाट क्षमता वाली पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) परियोजना का लोकार्पण कर सकते हैं। यह देश की पहली वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज परियोजना है, जिसकी लागत करीब आठ हजार करोड़ रुपये बताई जा रही है। परियोजना शुरू होने के बाद टिहरी और कोटेश्वर बांध की कुल बिजली उत्पादन क्षमता 2400 मेगावाट तक पहुंच जाएगी।
प्रधानमंत्री के दौरे में टिहरी मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखे जाने की भी संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा बांध प्रभावितों के पुनर्वास, रायल्टी और रिंग रोड जैसी लंबित योजनाओं पर भी बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं। विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर प्रधानमंत्री को टिहरी आने का न्योता दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी पहले भी उत्तराखंड के विकास और पर्यटन परियोजनाओं में विशेष रुचि दिखा चुके हैं। हाल ही में टिहरी झील क्षेत्र को वैश्विक पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कई योजनाओं पर काम शुरू हुआ है।




