हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज को श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास का मुख्य राष्ट्रीय संरक्षक नियुक्त किया गया है। बुधवार को मथुरा से शिला लेकर हरिद्वार पहुंचे श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष स्वामी दिनेश फलाहारी बाबा ने निरंजनी अखाड़ा पहुंचकर श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज से भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज को न्यास का प्रमुख राष्ट्रीय संरक्षक मनोनीत करने की घोषणा की।
श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने विधिवत शिला पूजन कर यात्रा को रवाना किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण होने के बाद संत समाज ने मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि शिला यात्रा शहर-शहर और गांव-गांव पहुंचेगी तथा कृष्ण भक्तों को जन्मभूमि से जुड़े विषय के प्रति जागरूक करेगी। संत समाज सनातन के प्रमुख तीर्थों और धार्मिक मानबिंदुओं की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहा है।
स्वामी दिनेश फलाहारी बाबा ने सभी सनातनियों से श्रीकृष्ण जन्मभूमि आंदोलन से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज के संरक्षण में संत समाज और कृष्ण भक्तों के सम्मिलित प्रयासों से आंदोलन को मजबूती मिलेगी। महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेय गिरी महाराज ने कहा कि सनातन के मानबिंदुओं की रक्षा के लिए संत समाज हमेशा आगे रहा है और आगे भी अपनी भूमिका निभाता रहेगा।
इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत राज गिरी, साध्वी राधा नन्द गिरी, दिव्यात्मा नंद पुरी, हरिदास महाराज, महामंडलेश्वर राधिका पुरी, महामंडलेश्वर साध्वी राधा गिरी, श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के राष्ट्रीय मंत्री अमित वालिया, स्वामी योगेश महाराज, जय भोले महाराज, वरिष्ठ विहिप नेता जयराम शर्मा, प्रवक्ता राजेश पाठक, राष्ट्रीय प्रचारक गुलाब सैनी, राष्ट्रीय मंत्री उदेश सैनी, कान्हा कौशिक सहित कई संत एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।




