भारतीय जनता पार्टी के एनजीओ प्रकोष्ठ की ओर से स्वतंत्रता दिवस से प्रदेशभर में ‘एक रविवार-एक गांव, एक घंटा-समाज के नाम’ अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक रविवार एक गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद करने के साथ एक घंटे का सामाजिक सेवा कार्य किया जाएगा।
प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बड़े और खर्चीले आयोजन करने के बजाय गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करना है। इस दौरान ग्रामीणों की स्थानीय जरूरतों को समझते हुए उपलब्ध संसाधनों और क्षमता के अनुसार छोटे लेकिन उपयोगी सामाजिक कार्य किए जाएंगे।
अभियान के तहत कार्यक्रम को तीन हिस्सों में बांटा गया है। पहले 10 मिनट ग्रामीणों से संवाद और संकल्प, अगले 40 मिनट सामाजिक सेवा कार्य तथा अंतिम 10 मिनट कार्य की समीक्षा और अगले रविवार की योजना के लिए निर्धारित होंगे। गांव की आवश्यकता के अनुसार स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, जलस्रोतों की सफाई, बुजुर्गों से मुलाकात, दिव्यांगजनों की सहायता, नशामुक्ति जागरूकता और जरूरतमंद परिवारों की सहायता जैसे कार्य किए जाएंगे।
अभियान के सफल संचालन के लिए मधु जैन को संयोजक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान को अधिक से अधिक गांवों तक पहुंचाने के लिए जिला संयोजकों, सह-संयोजकों, स्थानीय एनजीओ, सामाजिक संस्थाओं और ग्रामवासियों के साथ समन्वय किया जाएगा।




