हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री महंत डॉ. रविंद्र पुरी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी और पुलिस-प्रशासन की पूरी टीम का कांवड़ मेले के भव्य और सकुशल समापन पर हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनकी कार्यशैली की भूरी-भूरी प्रशंसा की है।
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने कहा कि इस वर्ष कांवड़ मेला अभूतपूर्व और ऐतिहासिक रहा। मेले के दौरान लगभग 4.5 करोड़ (साढ़े चार करोड़) शिवभक्त कांवड़ियों ने जल उठाकर अपनी यात्रा पूरी की। इतनी विशाल जनसभा और आवाजाही के बावजूद शासन-प्रशासन की बेहतर अगुवाई, कुशल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के चलते पूरा मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान कोई भी अप्रिय या अनहोनी घटना नहीं घटी, जो कि प्रशासनिक दक्षता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
श्री महंत डॉ. रविंद्र पुरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार के दिशानिर्देशों और स्थानीय प्रशासन के तालमेल से ही इतना बड़ा आयोजन सुगमता से संपन्न हो सका। उन्होंने हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी, पुलिस बल के जवानों, सुरक्षाकर्मियों और शासन-प्रशासन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण और सेवा भाव के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का ध्यान रखते हुए जिस प्रकार अधिकारियों ने दिन-रात ड्यूटी निभाई, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने सफल कांवड़ यात्रा के लिए पूरे प्रशासनिक अमले को साधुवाद दिया है।




