स्वागत सामाजिक संस्था की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के अभियान के तहत शनिवार को ज्वालापुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग और उनकी माता नरेश रानी गर्ग ने बच्चों को स्टेशनरी व खाद्य सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के जीवन को नई दिशा और उज्ज्वल भविष्य देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सक्षम लोगों को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने स्वागत सामाजिक संस्था की निःशुल्क शिक्षा मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रखते हैं और शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान बच्चों को कॉपी, किताबें, पेन, पेंसिल सहित अन्य स्टेशनरी सामग्री और खाद्य सामग्री वितरित की गई। बच्चों ने बेहतर शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढ़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, समाजसेवी, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।




