उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने शुक्रवार को नजीबाबाद–सहारनपुर, हरिद्वार–सहारनपुर रेलखंड और रामपुर स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 194 मामलों में कुल ₹1,61,157 का राजस्व वसूला गया।
मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देश पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में नजीबाबाद–सहारनपुर एवं हरिद्वार–सहारनपुर रेलखंड की पांच ट्रेनों की जांच की गई। इस दौरान बिना टिकट यात्रा के 41, अनियमित यात्रा के 94 तथा गंदगी फैलाने के तीन मामलों सहित कुल 138 मामलों में ₹1,18,617 का जुर्माना वसूला गया।
वहीं, मंडल वाणिज्य प्रबंधक पुरुषोत्तम सिंह बघेल के नेतृत्व में रामपुर स्टेशन पर किलेबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। चार ट्रेनों की जांच में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के 56 मामलों में ₹42,540 का जुर्माना वसूला गया।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर यात्रा करें, रेलवे नियमों का पालन करें तथा स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।




