उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर निहंग सिखों और प्रशासन के बीच चला गतिरोध शुक्रवार को सकारात्मक वार्ता के बाद समाप्त हो गया। प्रशासन और निहंग प्रतिनिधियों के बीच बातचीत सफल रहने से पांवटा साहिब सीमा क्षेत्र में हालात पूरी तरह शांतिपूर्ण रहे तथा कानून-व्यवस्था सामान्य बनी रही।
प्रशासन ने बताया कि वार्ता के दौरान निहंग प्रतिनिधियों ने सहयोग का आश्वासन दिया, जिसके बाद जत्था शांतिपूर्वक वापस पांवटा साहिब लौट गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीमा क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा, हालांकि किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
गौरतलब है कि यह विवाद कर्णप्रयाग में हुई घटना और उसके बाद उठी मांगों के चलते शुरू हुआ था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संवाद के माध्यम से स्थिति को सामान्य किया गया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है।




