हरिद्वार के मयंक चोपड़ा और उनके सह-चालक चिराग ठाकुर ने भारतीय मोटरस्पोर्ट में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए वर्ष 2025 की इंडियन नेशनल टाइम-स्पीड-डिस्टेंस (TSD) रैली चैंपियनशिप-2 का खिताब अपने नाम किया है। मयंक चोपड़ा समाजसेवी एवं रोटरी क्लब रानीपुर के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन चोपड़ा के सुपुत्र हैं।
फेडरेशन ऑफ मोटर स्पोर्ट्स क्लब्स ऑफ इंडिया (FMSCI) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दोनों ने देश की शीर्ष रैली टीमों को पीछे छोड़ते हुए राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। उनकी चैंपियनशिप यात्रा की शुरुआत नवंबर 2025 में पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में आयोजित ‘रैली ऑफ मल्लभूम’ से हुई, जहां उन्होंने फर्स्ट रनर-अप का स्थान हासिल किया। इसके बाद दिसंबर 2025 में राजस्थान के जयपुर में आयोजित ‘रैली डी नॉर्थ’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और राष्ट्रीय फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
मार्च 2026 में बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय फाइनल में देशभर के सर्वश्रेष्ठ ड्राइवरों और सह-ड्राइवरों के बीच कड़े मुकाबले के बाद मयंक और चिराग ने खिताब जीतकर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वर्ष 2014 से साथ रैली कर रही इस जोड़ी ने अपने अनुभव, तालमेल और सटीक नेविगेशन कौशल के दम पर यह सफलता प्राप्त की।
भारतीय मोटरस्पोर्ट में उत्कृष्ट योगदान और राष्ट्रीय उपलब्धि के लिए दोनों को 18 जून 2026 को बेंगलुरु में आयोजित FMSCI वार्षिक पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से हरिद्वार सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है।




