दिल्ली-मेरठ नमो भारत (रैपिड रेल) कॉरिडोर को उत्तराखंड के हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तार देने की योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रस्तावित परियोजना के तहत मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला क्षेत्र तक करीब 150 किलोमीटर लंबा नया ट्रैक विकसित किया जाएगा। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने हेतु सर्वे जल्द शुरू होने की संभावना है।
योजना के अनुसार यह कॉरिडोर उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड को जोड़ते हुए मेरठ, मुजफ्फरनगर, रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे प्रमुख शहरों को कनेक्ट करेगा। प्रारंभिक प्रस्तावों में मोदीपुरम, दौराला, खतौली, पुरकाजी, रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश को संभावित स्टेशनों के रूप में देखा जा रहा है।
परियोजना पूरी होने पर दिल्ली से ऋषिकेश की यात्रा, जो वर्तमान में सड़क मार्ग से लगभग छह घंटे तक लेती है, घटकर करीब ढाई से तीन घंटे रह सकती है। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
उत्तराखंड सरकार ने केंद्र सरकार के समक्ष इस विस्तार का प्रस्ताव रखा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस संबंध में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के समक्ष मामला उठाया है। परियोजना को कुंभ और पर्यटन गतिविधियों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वर्तमान में दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर 82 किलोमीटर लंबा है और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में तेज, आधुनिक तथा उच्च गति की क्षेत्रीय रेल सेवा उपलब्ध करा रहा है।




