कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को हरिद्वार में शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया तथा पांच कांवड़ यात्रियों के चरण धोकर उनका सम्मान किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया और यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें भोजन भी परोसा।
धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष एक करोड़ से अधिक कांवड़िये गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए प्रशासन द्वारा सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सेवाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है।




