यात्रियों की सुरक्षा और सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए हरिद्वार-नजीबाबाद-लक्सर रेलखंड पर आधारभूत संरचना एवं ओएचई (विद्युत लाइन) रखरखाव कार्य किया जाएगा। इसके लिए 18 जून को दोपहर 12:25 बजे से 3:25 बजे तक तीन घंटे का ट्रैफिक एवं ओएचई ब्लॉक लिया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस दौरान हरिद्वार यार्ड स्थित डायमंड क्रॉसिंग संख्या-06 तथा टर्नआउट संख्या-12ए पर मशीन द्वारा टैम्पिंग कार्य किया जाएगा। साथ ही किमी 1584/21-31 के बीच संपर्क तार (कॉन्टैक्ट वायर) बदलने का कार्य भी किया जाएगा।
रखरखाव कार्य के चलते गाड़ी संख्या 54342 देहरादून-सहारनपुर पैसेंजर लक्सर स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट होगी और लक्सर से सहारनपुर के बीच संचालित नहीं होगी। वहीं गाड़ी संख्या 54341 सहारनपुर-देहरादून पैसेंजर लक्सर स्टेशन से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी तथा सहारनपुर-लक्सर खंड में निरस्त रहेगी।
इसके अलावा परिचालनिक कारणों से गाड़ी संख्या 15933 न्यू तिनसुकिया-अमृतसर एक्सप्रेस तथा गाड़ी संख्या 22355 पटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस को लगभग 60-60 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।




