भैरहवा (नेपाल)। लुंबिनी जिले के भैरहवा स्थित नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ के सभागार में हिंदू राष्ट्र संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सनातन संस्कृति की रक्षा, भारत-नेपाल संबंधों की मजबूती और हिंदू राष्ट्र की अवधारणा पर विस्तार से चर्चा हुई।
संगोष्ठी में पूज्यपाद जगद्गुरु शंकराचार्य गोवर्धन पीठाधीश्वर महाराज के कृपापात्र शिष्य एवं “विश्व ब्राह्मण भूषण” से सम्मानित अधिवक्ता प्रेमचंद झा मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने गोवर्धन मठ पुरी द्वारा सनातन मान-बिंदुओं की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि सेवा, स्वाध्याय, सत्संग और संगोष्ठियों के माध्यम से प्रत्येक परिवार को जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “नेपाल सुरक्षित रहेगा तो भारत भी सुरक्षित रहेगा” तथा विश्व शांति के लिए भारत और नेपाल को शीघ्र हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कृष्णा प्रसाद शर्मा, लुंबिनी प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर कुमार श्रेष्ठ सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने भव्य नेपाल और भव्य भारत के निर्माण हेतु चलाए जा रहे अभियान को समर्थन देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भैरहवा भजन टोली द्वारा गुरु वंदना से हुई। संगोष्ठी के संयोजक अंकित शर्मा एवं अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का समापन “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ हुआ।




