ऋषिकेश। विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश में तैनात एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी जेई पर टेंडर से जुड़े कार्य के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि पशुलोक बैराज ऋषिकेश में डाले गए टेंडर से संबंधित कार्य के एवज में आरोपी जेई रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये लेते समय विजिलेंस टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
विजिलेंस अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।




