हरिद्वार/मुरादाबाद, 18 अप्रैल। उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मुरादाबाद मंडल द्वारा शनिवार को रेल लाइन पर स्वच्छता एवं जागरूकता का विशेष अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में 38 रोवर-रेंजर्स लीडर्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान के तहत मोतीचूर स्टेशन से हरिद्वार स्टेशन तक स्वयंसेवकों ने रेल पटरियों और आसपास फैले प्लास्टिक व पॉलिथीन कचरे को एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान यात्रियों और आमजन से अपील की गई कि वे रेलवे परिसर में कचरा न फैलाएं और स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने में सहयोग करें।
रोवर-रेंजर्स ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ स्टेशन और सुरक्षित रेल यात्रा के महत्व के बारे में जागरूक किया। अभियान को स्थानीय यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने सराहा।
अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करना रहा। उत्तर रेलवे की इस पहल से यह संदेश दिया गया कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण का निर्माण संभव है।




