पूल आवासों में कर्मचारियों को हो रही विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आवासों की मरम्मत, जल संरक्षण, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा और साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
सीडीओ ने शौचालय और बाथरूम से जुड़े कार्य, लीकेज पाइपों को बदलने, सभी वाटर टैंकों की सफाई, विद्युत संबंधी कार्य तथा खिड़की-दरवाजों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रथम तल पर लगी सभी रेलिंग की जांच कर आवश्यकतानुसार तत्काल मरम्मत कराने को भी कहा।
कर्मचारियों की समस्याओं के लिए लगेगा कैंप
आवासीय कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आगामी शनिवार को विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कैंप की जानकारी अधिक से अधिक कर्मचारियों तक पहुंचाने के लिए परिसर में बैनर लगाने को कहा। विभिन्न श्रेणियों के आवासों की पहचान के लिए लगाए जाने वाले बोर्डों पर संस्कृत भाषा का भी प्रयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में टाइप-2 आवासों के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर सोमवार तक प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया। झाड़ी कटान और सफाई कार्यों की प्रगति का कार्य शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद फोटो व ड्रोन फोटोग्राफी के माध्यम से रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
सामुदायिक केंद्रों में साउंड सिस्टम, कुर्सी और पोडियम की व्यवस्था करने के साथ गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग निस्तारण के लिए कंपोस्ट पिट व डस्टबिन लगाने को भी कहा गया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता आलोक, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी, श्री शर्मा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




