कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने मेला क्षेत्र के साथ आसपास के प्रमुख इलाकों में भी विकास कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बुधवार को शिवालिक नगर क्षेत्र का भ्रमण कर कुंभ से संबंधित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुल और सड़क निर्माण समेत विभिन्न योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा चौराहों के सुधार, पार्किंग व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली। मेलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी कार्यों को तेजी से और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। ऐसे में मेला क्षेत्र के अलावा श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़े प्रमुख मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में भी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कराने को कहा।
स्थानीय लोगों से लिए सुझाव
भ्रमण के दौरान मेलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद शिवालिकनगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा और स्थानीय नागरिकों के साथ कुंभ की तैयारियों को लेकर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और जनसुविधाओं को लेकर लोगों से सुझाव लिए। मेलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय लोगों के सुझावों से व्यवस्थाओं को अधिक उपयोगी और व्यवहारिक बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा। मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ से जुड़े कार्य समय से पूरे किए जाएं, ताकि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान एचआरडीए के सचिव प्रत्यूष सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, एचआरडीए के उद्यान अधिकारी एआर जोशी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




