कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम पैदल आवागमन की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। हरकी पैड़ी से प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों तक बेहतर पैदल संपर्क उपलब्ध कराने के लिए पैडिस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ विकसित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर-मंसा देवी मार्ग तक करीब 6500 मीटर लंबाई में फुटपाथ का निर्माण तेजी से चल रहा है। योजना के लिए 7.84 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। पीआईयू, लोक निर्माण विभाग के माध्यम से संचालित इस योजना के तहत रेज्ड फुटपाथ बनाए जा रहे हैं। साथ ही मार्ग के आसपास लंबे समय से जमा मलबा हटाकर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान तैयार किया जा रहा है।
योजना के तहत भगत सिंह चौक से रेलवे अंडरपास की ओर जाने वाले क्षेत्र में भी आवश्यक सुधार किए जाएंगे। मार्ग के उपयुक्त स्थानों पर ग्रीन प्लांटर एरिया विकसित करने का प्रावधान है, जिससे पैदल आवागमन के साथ क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और हरित क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा।
बिल्केश्वर मंदिर मार्ग का भी होगा सुधार
बिल्केश्वर मंदिर मार्ग पर दोनों ओर पेव्ड शोल्डर बनाए जाएंगे। क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों का पुनर्निर्माण, मां मंसा देवी मार्ग का सुधारीकरण, केसी नालियों का निर्माण और विस्तारित हिस्सों में सड़क निर्माण समेत अन्य कार्य भी योजना में शामिल हैं। इससे इन धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवागमन अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेगा।
रेलवे अंडरपास के तिराहे पर बढ़ेगी चौड़ाई
रेलवे अंडरपास के समीप तिराहे की यातायात व्यवस्था में भी सुधार किया जाएगा। रेलवे विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण के बाद बनी सहमति के अनुसार तिराहे की साइड की दीवार को कुछ पीछे करते हुए निर्माण किया जाएगा। इससे मार्ग की चौड़ाई बढ़ेगी और वाहनों को मोड़ लेने में सुविधा होगी।
कुंभ के दौरान हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों से बिल्केश्वर तथा मां मंसा देवी मंदिर की ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए इन मार्गों को पैदल यात्रियों के अनुकूल बनाया जा रहा है। हरिद्वार के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी पैडिस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ विकसित किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन कार्यों से कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने के साथ भविष्य में भी शहर में पैदल आवागमन के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा उपलब्ध होगी।




