, हरिद्वार में आयोजित भारतीय शिक्षा बोर्ड के द्वितीय खेल उत्सव का बुधवार को विधिवत समापन हुआ। 14 से 15 सितंबर तक आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न विद्यालयों से अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयुवर्ग के करीब 950 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में 35 विद्यालयों की 175 टीमों ने कबड्डी, बैडमिंटन, फुटबॉल, बास्केटबॉल और कुश्ती में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में परमपूज्य स्वामी रामदेव ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए उनके प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि आचार्यकुलम् विश्व का विशिष्ट शिक्षण संस्थान है, जहां विद्यार्थियों में खेलों के प्रति नैसर्गिक कौशल विद्यमान है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर तृतीय खेल उत्सव के भावी आयोजक के रूप में भारतीय शिक्षा बोर्ड का ध्वज आचार्यकुलम् को प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में आचार्यकुलम् के खिलाड़ियों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। बालक वर्ग में कबड्डी अंडर-19, बैडमिंटन अंडर-14, 17 और 19 के एकल-युगल मुकाबलों, बास्केटबॉल अंडर-19 तथा फुटबॉल अंडर-14, 17 और 19 में आचार्यकुलम् ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कबड्डी अंडर-14 व 17 तथा बास्केटबॉल अंडर-14 व 17 में द्वितीय स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग में कबड्डी अंडर-17 व 19, बैडमिंटन अंडर-14 व 19 के एकल-युगल तथा बास्केटबॉल अंडर-17 में आचार्यकुलम् की टीमों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन अंडर-17 के एकल-युगल मुकाबलों में टीम द्वितीय स्थान पर रही।
इस अवसर पर आचार्यकुलम् की उपाध्यक्षा डॉ. ऋतंभरा शास्त्री और प्राचार्या श्रीमती स्वाति मुंशी ने विद्यार्थियों को शुभाशीष देते हुए अतिथि खिलाड़ियों और उनके विद्यालयों का आभार जताया। पतंजलि कैरियर अकादमी के प्रमुख प्रदीप ने स्वामी रामदेव के आदेशानुसार द्वितीय खेल उत्सव के समापन की घोषणा की।
समारोह में उप-प्राचार्य तापस कुमार बेरा, समन्वयिका दीपा, क्रीड़ाध्यक्ष एवं मुख्य छात्रपाल अमित दानी सहित विभिन्न विद्यालयों से आए खेल अधिकारी, निर्णायक, प्रशिक्षक, आचार्यवृंद, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।




