उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेहरादूनपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

सुमननगर तिराहे पर चेकिंग के दौरान पकड़ा, स्कूटी और 1200 रुपये भी बरामद

ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 12.08 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्मैक बिक्री से मिले 1200 रुपये, मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 36 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को रानीपुर पुलिस की टीम बंदा नंबर नौ, सुमननगर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सलेमपुर की ओर से आ रही एक्टिवा संख्या UK 08 BJ 1631 को रोककर चालक की तलाशी ली गई। आरोपी की पहचान मुन्तहिर (44) पुत्र शहीद, निवासी ग्राम गढ़ नंबर एक, थाना रानीपुर के रूप में हुई।

तलाशी में उसके पास से 12.08 ग्राम स्मैक, 1200 रुपये नकद और एचएमडी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक रहमतपुर निवासी एक महिला से लेकर आया था और उसे बेचने जा रहा था। आरोपी ने यह भी बताया कि कुछ स्मैक बेचकर उसे 1200 रुपये मिले थे। पुलिस अब पूछताछ में सामने आई महिला की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली रानीपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, सुमननगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पुनीत दनौसी, उपनिरीक्षक पूजा पांडेय, कांस्टेबल महेंद्र तोमर और कांस्टेबल हरीश राणा शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button