भोपतवाला स्थित श्री विश्वनाथ धाम आश्रम में महामंडलेश्वर स्वामी प्रखर जी महाराज के सान्निध्य में सोमवार को भगवान गणेश का प्राकट्य दिवस गणेशोत्सव के रूप में धूमधाम और शास्त्रीय विधि-विधान से मनाया गया। आयोजन में देशभर से पहुंचे महाराज के शिष्य-भक्तों ने भाग लिया। काशी के वैदिक विद्वान सुनील दीक्षित के नेतृत्व में सैकड़ों आचार्यों ने विधिवत गणेश पूजन-अर्चन कराया।
आयोजन के दौरान भगवान गणेश का अष्ट द्रव्य से विशेष अर्चन किया गया। आश्रम की परंपरा के अनुसार 16 हजार लड्डू, 16 हजार केले, 16 हजार गन्ने, 16 हजार चिड़वा, 16 हजार धान की खील, सत्तू और दुर्वा आदि से भगवान चिंतामणि गणेश का पूजन किया गया। इसके अनुरूप तर्पण भी कराया गया।
सोमवार सुबह 9:30 बजे गणेश पूजन का क्रम शुरू हुआ। सुबह 10:30 बजे से अष्ट द्रव्य अर्चन प्रारंभ हुआ, जो शाम चार बजे तक अनवरत चला। इसके बाद अष्ट द्रव्यों से हवन कर गणेश अर्चन की पूर्णाहुति की गई।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के शीर्ष नेता बड़े दिनेश, महामंडलेश्वर यतींद्रानंद जी महाराज, महादेव बाबा और गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम सहित अन्य संतों ने भी भगवान गणेश का पूजन किया। इससे पूर्व एम्स की निदेशक मीनू सिंह ने भी गणेश पूजन में हिस्सा लिया।
शंकराचार्य मार्ग, शिवनगर भोपतवाला स्थित आश्रम में मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण गणेशोत्सवमय हो गया। सभागार में सैकड़ों भक्तों और आचार्यों द्वारा किए जा रहे अर्चन का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। पूजन के बाद स्वामी प्रखर जी महाराज ने कहा कि भगवान गणेश का पूजन-अर्चन भक्तों के मनोरथ पूर्ण करने वाला और पुण्यदायी है। आयोजन में शामिल होने वाले भक्तों के साथ दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को भी पुण्यफल प्राप्त होता है।
गणेशार्चन की पूर्णाहुति के बाद भगवान को अर्पित अष्ट द्रव्यों को प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में वितरित किया गया।




