हरिद्वार, 15 अप्रैल। मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट की ओर से बुधवार को गंगोत्री धाम के लिए भोग प्रसाद सामग्री विधिवत पूजन के बाद रवाना की गई। निरंजनी अखाड़ा स्थित चरण पादुका मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी एवं ट्रस्टी अनिल शर्मा ने पूजा-अर्चना कर हरी झंडी दिखाकर सामग्री को प्रेषित किया।
श्रीमहंत रामरतन गिरी ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष गंगोत्री धाम के लिए भोग प्रसाद सामग्री भेजी जाती है, जिसका उपयोग अक्षय तृतीया पर कपाट खुलने के अवसर पर किया जाता है।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने अपने संदेश में कहा कि मां गंगा को समर्पित यह भोग सामग्री हरिद्वार और गंगोत्री के बीच आध्यात्मिक संबंध को सुदृढ़ करती है।
इस अवसर पर गंगोत्री धाम के रावल शिव प्रकाश महाराज, स्वामी राज गिरी, प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा, डॉ. विशाल गर्ग, सीमा गिरी, दीपक गिरी, नमन शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मां मनसा देवी एवं मां गंगा से राष्ट्र की सुख-समृद्धि तथा चारधाम यात्रा के सफल और निर्विघ्न संचालन की प्रार्थना की।




