मुरादाबाद, 15 अप्रैल। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, मुरादाबाद के ‘मनन’ सभागार में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी के निर्देशन में संपन्न हुआ।
समारोह का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात उन्होंने, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री परितोष गौतम, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिषेक ठाकुर सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों, NRMU व URMU के पदाधिकारियों तथा SC/ST एवं OBC संगठनों के प्रतिनिधियों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। मुख्य हित निरीक्षक श्री बिरेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने कहा कि बाबा साहेब केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के सामाजिक पुनर्निर्माण के महान शिल्पी थे। उनके विचार हमें समान अवसर, न्याय और सम्मान का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने रेलकर्मियों से अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और सेवा भावना अपनाने का आह्वान किया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री परितोष गौतम ने भी बाबा साहेब के आदर्शों को राष्ट्र की प्रगति का आधार बताते हुए उन्हें जीवन में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में 150 से अधिक रेल कर्मचारियों की उपस्थिति रही। अंत में सभी ने सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने तथा बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।




