रविवार को देहरादून में मौसम ने अचानक करवट बदली। शहर और आसपास के क्षेत्रों में झमाझम बारिश होने से पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी रही। विशेष रूप से बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया था। देहरादून में बारिश के दौरान हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ और तीन उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।
बारिश के कारण शहरवासियों को उमस से काफी राहत मिली। वहीं, मौसम में बदलाव के बाद लोगों को आने वाले दिनों में भी बारिश की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक 14 सितंबर के बाद प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने की संभावना है। हालांकि मानसून की विदाई के लिए अभी इंतजार करना होगा।




