टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बांद्रा एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे दो नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। दोनों बच्चों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन हरिद्वार की टीम को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर को सुरक्षा नियंत्रण कक्ष मुरादाबाद से सूचना मिलने पर आरपीएफ चौकी रुड़की की टीम ने गाड़ी संख्या 19020 बांद्रा एक्सप्रेस को रुड़की रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर अटेंड किया। इसी दौरान सीआईटी रुड़की प्रमोद कुमार, राम अवतार, लोकेश कुमार और डिप्टी सीआईटी शेखर सैनी दो नाबालिग बच्चों को आरपीएफ चौकी लेकर पहुंचे।
टिकट चेकिंग के दौरान हरिद्वार से रुड़की के बीच दोनों बच्चे जनरल कोच में बिना टिकट यात्रा करते मिले थे। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे पारिवारिक कारणों से घर से निकलकर दिल्ली में रहने वाले अपने मामा के घर जाने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे।
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए आरपीएफ चौकी रुड़की ने रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन हरिद्वार को सूचना दी। इसके बाद हेल्पलाइन के सुपरवाइजर निर्मल दास और केस वर्कर आदित्य कुमार रुड़की पहुंचे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को 13 सितंबर की शाम 4:10 बजे चाइल्ड हेल्पलाइन टीम को सौंप दिया गया।
रेल प्रशासन ने टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ कर्मियों की सतर्कता एवं संवेदनशीलता की सराहना की। रेलवे ने यात्रियों से अपील की कि किसी नाबालिग बच्चे को अकेले या असुरक्षित स्थिति में देखने पर तत्काल रेलवे सुरक्षा कर्मियों या रेलवे हेल्पलाइन को सूचना दें




