मुरादाबाद मंडल में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री पारितोष गौतम के मार्गदर्शन में वाणिज्य शाखा एवं कार्मिक शाखा के कर्मचारियों के लिए हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में दोनों शाखाओं के कुल 17 कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यशाला में सहायक कार्मिक अधिकारी सह राजभाषा अधिकारी श्री ज्ञान प्रकाश सिंह चौहान तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अंकित शर्मा ने कर्मचारियों को राजभाषा अधिनियम-1963, राजभाषा नियम-1976 तथा रेलवे में लागू राजभाषा से संबंधित विभिन्न पुरस्कार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
वक्ताओं ने राजकीय कार्यों में हिंदी के अधिकतम प्रयोग पर जोर देते हुए सभी कर्मचारियों को दैनिक कार्यालयीन कार्य हिंदी में करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी के प्रयोग से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ती है।
कार्यशाला का उद्देश्य रेलवे कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा कर्मचारियों को राजभाषा से संबंधित नियमों व प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा।




