प्रगति संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 60 महिलाओं ने लिया भाग, बाल संरक्षण और घरेलू हिंसा कानूनों पर दी गई जानकारी
प्रगति संस्था द्वारा “पंचायती रूल ऐंड जेंडर अवेयरनेस ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट” के तत्वावधान में दो दिवसीय कानूनी साक्षरता एवं महिला अधिकारों पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 5 और 6 अगस्त को होटल ड्रीम लैंड, बहादराबाद, हरिद्वार में किया गया। इस कार्यक्रम में बहादराबाद ब्लॉक की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित कुल 60 महिलाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान बाल कल्याण समिति हरिद्वार-देहरादून की पूर्व सदस्य श्रीमती पूजा शर्मा एवं वर्तमान सदस्य श्रीमती नाज ने बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनों और योजनाओं जैसे POSH (Protection of Children from Sexual Offences) एक्ट एवं अन्य बाल संरक्षण कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।
प्रगति संस्था की सदस्य रेखा पुंडीर, पुष्पा बिष्ट और शिवांगी नेगी ने प्रतिभागियों को घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम (POSH एक्ट), साइबर सुरक्षा और महिला हेल्पलाइन से जुड़ी महत्त्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि महिलाएं किस प्रकार इन कानूनों का लाभ उठाकर स्वयं को सुरक्षित रख सकती हैं और आवश्यक होने पर किन हेल्पलाइन नंबरों से सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम में महिलाओं की सामाजिक चुनौतियों पर संवाद किया गया और उनके सशक्तिकरण के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं में कानूनी जागरूकता और आत्मबल विकसित करने का संदेश दिया गया।