कुआलालंपुर | भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। निकी प्रसाद की कप्तानी में टीम ने दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप खिताब अपने नाम किया। इससे पहले 2023 में शेफाली वर्मा की कप्तानी में भारत ने पहला संस्करण जीता था।
फाइनल मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और दक्षिण अफ्रीका की टीम को 20 ओवर में महज 82 रन पर रोक दिया। गोंगाड़ी त्रिशा (3 विकेट) के नेतृत्व में भारतीय गेंदबाजों ने विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को बिखेर दिया। आयुषी शुक्ला, पारुनिका सिसौदिया और वैष्णवी शर्मा ने भी दो-दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 11.2 ओवर में एक विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। गोंगाड़ी त्रिशा ने 33 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए, जबकि सानिका चलके ने 26 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए खास है, क्योंकि 2023 के बाद यह दूसरी आईसीसी ट्रॉफी है जो भारत के नाम हुई है। भारतीय अंडर-19 टीम की इस ऐतिहासिक जीत से देशभर में जश्न का माहौल है।