बहादराबाद क्षेत्र के शांतरशाह गांव में बाइक मैकेनिक हैप्पी की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्यारोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार जांच और सुरागरसी के बाद पुलिस टीम की दौलतपुर के जंगल में बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक आरोपी मुदस्सिर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को शांतरशाह गांव में 26 वर्षीय बाइक मैकेनिक हैप्पी की उसकी दुकान में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दो नकाबपोश बदमाश बाइक से दुकान पर पहुंचे थे और हैप्पी पर फायरिंग कर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस और सीआईयू की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों के संभावित भागने के रास्तों तक लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस बदमाशों तक पहुंची। पुलिस को दौलतपुर के जंगल में आरोपियों के होने की सूचना मिली थी। टीम ने जंगल की घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुदस्सिर के पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जंगल और आसपास के क्षेत्रों में कांबिंग कर रही है। पूछताछ में हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों और हत्या की वजह सामने आने की उम्मीद है। इससे पहले हत्याकांड के खुलासे में देरी को लेकर मृतक के परिजनों और संगठनों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की थी।




