दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर में आयोजित तीन दिवसीय स्वर्ण जयंती साहित्यिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘स्वर्ण अक्षर-2026 : स्वर्णिम प्रवाह’ का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। साहित्य, संस्कृति, कला, संगीत और सृजनात्मकता से सजे समारोह में विद्यालय की पांच दशक लंबी गौरवपूर्ण यात्रा और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनंद बर्धन, आईएएस रहे। उन्होंने डीपीएस रानीपुर की 50 वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि तकनीक हमें उत्तर दे सकती है, लेकिन साहित्य बेहतर प्रश्न पूछना सिखाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने, सहयोग करने और समाज के लिए सार्थक योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह में भेल के निदेशक (वित्त) एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित और भेल के कार्यकारी निदेशक रंजन कुमार समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत, स्वागत गीत और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
इस दौरान प्रस्तुत स्वर्ण जयंती वीडियो के माध्यम से डीपीएस रानीपुर की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की पांच दशक की यात्रा, विद्यालय की उपलब्धियों और पूर्व विद्यार्थियों की सफलताओं को प्रदर्शित किया गया। प्रख्यात कवि सतीश सृजन और कवयित्री वैष्णवी शर्मा की उपस्थिति ने समारोह को साहित्यिक गरिमा प्रदान की। वैष्णवी शर्मा ने महाभारत के प्रसंगों को कविता के माध्यम से प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यार्थियों ने कठपुतली नृत्य, शास्त्रीय नृत्य पर आधारित ‘नवरस’, अंग्रेजी नाट्य मंचन समेत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुंबई से आए कथक नृत्य समूह ने कथक शैली में रामायण के प्रसंगों की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। रहस्य और रोमांच से भरपूर अंग्रेजी नाटक को भी दर्शकों ने खूब सराहा।
भेल के अधिकारियों ने डीपीएस रानीपुर और भेल की साझा विरासत, विद्यालय की उत्कृष्टता, सुदृढ़ मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने आयोजन के लिए विद्यालय और प्रधानाचार्य को बधाई दी।
समापन पर प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने मुख्य अतिथि आनंद बर्धन, राजेश कुमार द्विवेदी समेत सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रेस प्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के स्वर्णिम वर्ष में प्रवेश का यह पहला आयोजन है और वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डीपीएस रानीपुर विद्यार्थियों को सदैव उत्कृष्टता के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।




