यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की हरिद्वार शाखा में मंगलवार को शाखा प्रबंधक गोपाल मौर्य के जन्मदिन के अवसर पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। बैंक परिसर में हुए धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। कार्यक्रम के बाद विधिवत आरती कर प्रसाद वितरित किया गया।
सुंदरकांड पाठ में राम मंदिर आंदोलन के वरिष्ठ नेता विनय कटियार, गंगा महासभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, उछाली आश्रम के महंत, यूनियन बैंक के उप महाप्रबंधक संदीप, उद्योगपति अनंत राम जायसवाल, युवा व्यवसायी सागर जायसवाल और पूर्व लोकसभा सचिव एमपी त्रिपाठी समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
विनय कटियार ने कहा कि बैंक जैसे वित्तीय संस्थान में सुंदरकांड का आयोजन अनूठी और प्रेरणादायक पहल है। इससे कार्यस्थल पर सनातन मूल्यों और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा मिलता है। उप महाप्रबंधक संदीप ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहल से कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और अन्य शाखाओं में भी ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
शाखा प्रबंधक गोपाल मौर्य ने कहा कि ईश्वर की आराधना और संतों का आशीर्वाद जन्मदिन का सबसे बेहतर उपहार है। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी अतिथियों और बैंक परिवार का आभार जताया।




