दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर अपना तीन दिवसीय गोल्डन जुबली समारोह 8 सितंबर से मनाएगा। समारोह की शुरुआत मंगलवार को लिटरेचर फेस्टिवल से होगी। इसका उद्घाटन दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसाइटी के चेयरमैन एवं पूर्व आईएएस अधिकारी वी.के. शुंगलू करेंगे।
डीपीएस रानीपुर के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने बताया कि 8, 9 और 10 सितंबर तक चलने वाले समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकों और साहित्य से जोड़ना तथा उनकी पढ़ने, अध्ययन, मनन और लेखन क्षमता को विकसित करना है। लिटरेचर फेस्टिवल के माध्यम से विद्यार्थियों की लेखन कला के साथ संगीत एवं अन्य रचनात्मक प्रतिभाओं को भी मंच मिलेगा।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में आध्यात्मिक, प्रशासनिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। समारोह को लेकर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
डॉ. जग्गा ने बताया कि डीपीएस रानीपुर की शुरुआत 1977 में महज 30 विद्यार्थियों के साथ हुई थी। आज विद्यालय में करीब 7,000 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विद्यालय के विद्यार्थी आईटी, प्रशासनिक सेवाओं, वैज्ञानिक क्षेत्र और शिक्षण संस्थानों समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
गोल्डन जुबली समारोह को लेकर विद्यालय परिवार में खासा उत्साह है। समारोह के लिए स्कूल परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। तीन दिनों तक होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ विद्यालय की 50 वर्ष की शैक्षिक यात्रा को भी याद किया जाएगा।




