उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की आशंका है।
हरिद्वार में स्कूल बंद
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए हरिद्वार जिले में शनिवार को सभी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के आदेश के अनुसार जिले के सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम खराब होने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़क बाधित होने और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रह सकता है। लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।




